नादौन में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, दो दुकानों से 30 किलो मिठाई नष्ट; एक दुकानदार का चालान,,त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए विभाग की कार्रवाई, मिठाइयों के नौ सैंपल लेकर जांच को भेजे

हमीरपुर। त्योहारी सीजन के मद्देनजर लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को नादौन बाजार में मिठाई और फास्ट फूड की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक ठाकुर की अगुवाई में की गई इस कार्रवाई के दौरान करीब 15 से 20 दुकानों की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर दो दुकानों से करीब 30 किलो रसगुल्ला और चमचम नष्ट करवाए गए। वहीं, बिना वैध खाद्य लाइसेंस के कारोबार करने पर एक दुकानदार का चालान किया गया।

टीम ने विभिन्न मिठाइयों के नौ सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। इनमें गुलाब जामुन, रसगुल्ला, पतीसा, बर्फी, भुनी हुई बर्फी, मिल्क केक, कलाकंद और चमचम के सैंपल शामिल हैं। इसके अलावा मिठाइयां तैयार करने वाली जगहों पर साफ-सफाई और स्वच्छता की स्थिति का भी जायजा लिया गया।इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दुकानदारों को मिठाइयां बनाने और खाद्य पदार्थों के भंडारण वाली जगहों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।

खाद्य सुरक्षा विभाग हमीरपुर के सहायक आयुक्त मंजीत सिंह ने कहा कि आगामी दिनों में भी बाजारों में निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि विभाग का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना है। इस मौके पर डीए संदीप सहित विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।