खडून स्कूल भवन विवाद गहराया, तिरपाल के नीचे पढ़ने को मजबूर बच्चे अभिभावकों की क्रमिक हड़ताल शुरू, सुरक्षित भवन मिलने तक बच्चों को नहीं भेजेंगे कक्षाओं में

करसोग। ग्राम पंचायत बेलरधार के प्राथमिक पाठशाला खडून के जर्जर भवन को लेकर अभिभावकों का आंदोलन गुरुवार से शुरू हो गया। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए अभिभावकों ने स्कूल भवन के बाहर क्रमिक हड़ताल शुरू कर दी है। वहीं पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए स्कूल परिसर में तिरपाल लगाकर अस्थायी कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
अभिभावकों का कहना है कि स्कूल भवन की छत से लगातार मलबा गिर रहा है तथा पिलरों और बीमों में दरारें पड़ चुकी हैं। ऐसे में किसी भी बच्चे को भवन के भीतर भेजना जोखिम भरा है। उनका स्पष्ट कहना है कि जब तक भवन को सुरक्षित घोषित नहीं किया जाता या वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होती, तब तक बच्चे जर्जर भवन में नहीं जाएंगे।
गुरुवार को कॉम्प्लेक्स जीएसएस शोरशन के प्रधानाचार्य ने मौके का निरीक्षण कर अभिभावकों से बातचीत की। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि अब तक शिक्षा विभाग या प्रशासन का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में नाराजगी है।
अभिभावकों ने मांग की है कि भवन का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराया जाए, रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, बच्चों के लिए वैकल्पिक भवन उपलब्ध कराया जाए तथा जर्जर भवन की मरम्मत या नए भवन के निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *