शिमला, 04 अक्टूबर। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर आपदा राहत पैकेज के नाम पर झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कांग्रेस ने इतने झूठ बोले हैं कि प्रदेश के लोगों का कांग्रेस से भरोसा ही उठ चुका है। अब सरकार की किसी बात पर भरोसा नहीं किया जा सकता है।
जयराम ठाकुर ने बुधवार को एक बयान में कहा है कि झूठ बोलना अब कांग्रेस की आदत बन गई है। आपदा राहत के नाम पर झूठ बोलने के बाद सरकार अब आपदा राहत पैकेज के नाम पर झूठ बोल रही है। उन्होंने कहा कि आपदा राहत पैकेज जब तक ज़मीन पर नहीं उतर जाता और असली प्रभावितों को लाभ नहीं मिल जाता तब तक कांग्रेस सरकार की बातों पर भरोसा नहीं कर सकते हैं। क्योंकि पिछले दस महीनें में कांग्रेस पार्टी ने और मुख्यमंत्री ने जितनी बातें की हैं वह आज तक धरातल पर नहीं उतरी हैं। अब कांग्रेस सरकार की विश्वसनीयता ही संदिग्ध हो गई है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने जिस तरह से झूठ बोलकर सत्ता हासिल कर ली है। उसी तरह से अब सरकार भी चलाना चाहती है। उन्होंने कहा कि न तो झूठ के पांव होते हैं और न ही लंबी उम्र। अब कांग्रेस का झूठ पूरी तरह से बेनक़ाब हो गया। जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा के बाद मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्य के नाम पर बढ़चढ़कर झूठ बोले। इसके बाद केंद्र सरकार से मदद मिलने के बाद भी झूठ बोला कि कोई मदद नहीं मिली। अब राहत पैकेज के नाम पर भी झूठ बोलकर प्रदेश के लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री, उनकी पूरी टीम और उनके पार्टी नेता एक तरफ़ कह रहे हैं कि आपदा राहत पैकेज में केंद्र की तरफ़ से कुछ नहीं मिला है और दूसरी तरफ़ मनरेगा के कामों को भी राहत पैकेज में जोड़ रहे हैं। केंद्र की तरफ से आपदा प्रभावितों को दिये गये 6000 मकान भी उसी पैकेज का हिस्सा है। केंद्र द्वारा दिये गए 756 करोड़ रुपए के अलावा अन्य सहयोग भी उसी पैकेज का हिस्सा है। ऐसे में सवाल यह है कि राहत पैकेज में आखिर सरकार का क्या सहयोग है।